स्मार्ट मीटर पर भ्रांतियां गलत, सरकारी आंकड़े खपत में कमी के गवाह

रायपुर। स्मार्ट मीटरों को लेकर उपभोक्ताओं के मन में चल रही भ्रांतियों को छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कंपनी के आधिकारिक आंकड़ों ने सिरे से खारिज कर दिया है। जुलाई 2026 में रायपुर सिटी रीजन में बिजली की खपत में 31.91 प्रतिशत की भारी कमी दर्ज की गई है, जो उपभोक्ताओं द्वारा ऊर्जा संरक्षण के प्रति दिखाई गई सजगता और राज्य सरकार की 'हाफ बिजली बिल' योजना के सकारात्मक प्रभाव को दर्शाता है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, जून 2026 में रायपुर सिटी रीजन की कुल बिजली खपत 131.27 मिलियन यूनिट (एमयू) थी, जो जुलाई में घटकर 89.38 मिलियन यूनिट रह गई। यह एक माह में लगभग 42 मिलियन यूनिट की कमी है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अधिक बिजली का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या में भी उल्लेखनीय कमी आई है। 600 यूनिट से अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या में 64.23 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि उनकी कुल खपत 38.13 प्रतिशत कम हुई। इसी तरह, 401 से 600 यूनिट के बीच खपत करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या 33.99 प्रतिशत और उनकी खपत 32.58 प्रतिशत घटी है।
यह बदलाव राज्य शासन की 'हाफ बिजली बिल' योजना के प्रति उपभोक्ताओं के रुझान को भी उजागर करता है। जून में जहां 400 यूनिट तक बिजली इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या 1 लाख 96 हजार 777 थी, वहीं जुलाई में यह बढ़कर 2 लाख 56 हजार 471 हो गई। यह 30.34 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। इसके विपरीत, 400 यूनिट से अधिक खपत करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या 1 लाख 20 हजार 615 से घटकर 60 हजार 921 रह गई, जो लगभग 50 प्रतिशत की कमी है। इससे यह स्पष्ट होता है कि बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने बिल में राहत पाने के लिए अपनी बिजली की खपत को 400 यूनिट के भीतर सीमित रखने का प्रयास किया है।
ऊर्जा विभाग के अधिकारियों का मानना है कि बिजली खपत में आई इस कमी के पीछे मौसमी बदलाव, एयर कंडीशनर और कूलर जैसे उपकरणों के उपयोग में आई कमी, ऊर्जा संरक्षण के प्रति बढ़ती जागरूकता और सरकारी योजनाओं का प्रभाव प्रमुख कारण हैं। 0-100 यूनिट और 101-200 यूनिट की श्रेणी में उपभोक्ताओं की संख्या में क्रमशः 53.12 प्रतिशत और 51.79 प्रतिशत की वृद्धि इस बात का संकेत है कि मध्यम और निम्न आय वर्ग के अधिक परिवार अब सरकारी योजनाओं का लाभ उठा पा रहे हैं। कुल मिलाकर, रायपुर सिटी रीजन के आंकड़े स्मार्ट मीटर संबंधी अफवाहों को खारिज करते हुए खपत में आई कमी के ठोस कारण प्रस्तुत करते हैं।
टिप्पणियाँ (Comments)
सुरक्षा कारणों से इस लेख पर टिप्पणियाँ वर्तमान में बंद हैं।
Comments are disabled for this article.

