सेवा सेतु: आमजन और शासन के बीच बढ़ा भरोसे का पुल

कोरबा: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सेवा सेतु योजना आम नागरिकों के लिए एक वरदान साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से शासकीय सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने का सफल प्रयास किया जा रहा है। दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से मुक्ति दिलाकर, उनकी आवश्यक सेवाओं और प्रमाण पत्रों को उनके निकट उपलब्ध कराया जा रहा है।
सेवा सेतु केंद्रों की स्थापना का मुख्य उद्देश्य यही है कि नागरिक अपनी जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र जैसी महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेजों के लिए भटकने के बजाय, अपने गांव के पास ही इन्हें प्राप्त कर सकें। कोरबा जिले के भैंसमा अंतर्गत ग्राम धौराभाठा निवासी श्री धुनेश्वर कंवर का अनुभव इस बात का जीता-जागता प्रमाण है। श्री कंवर ने सेवा सेतु केंद्र, भैंसमा में अपने जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। केंद्र के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा किया और निर्धारित समय सीमा के भीतर उन्हें तीनों प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिए।
इस सुविधा का लाभ उठाते हुए श्री धुनेश्वर कंवर ने कहा कि पहले ऐसे दस्तावेज बनवाने के लिए उन्हें कई बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे, जिससे उनका कीमती समय और धन दोनों व्यर्थ होता था। लेकिन सेवा सेतु केंद्र के कारण, अब एक ही स्थान पर सभी औपचारिकताएं पूरी हो गईं और उन्हें बिना किसी परेशानी के समय पर आवश्यक दस्तावेज मिल गए। उन्होंने इसे केवल एक सेवा नहीं, बल्कि आम नागरिकों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और जनहितैषी सोच का एक मजबूत उदाहरण बताया।
श्री कंवर ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु योजना ने शासकीय सेवाओं को सीधे नागरिकों के द्वार तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया है। इससे विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अनावश्यक झंझटों से मुक्ति मिली है और समय पर आवश्यक सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं। इस पहल से निश्चित रूप से शासन के प्रति लोगों का विश्वास और संतोष बढ़ा है, जो सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
टिप्पणियाँ (Comments)
सुरक्षा कारणों से इस लेख पर टिप्पणियाँ वर्तमान में बंद हैं।
Comments are disabled for this article.

