गुरुवार, 6 अगस्त 2026
HASDEV NEWS Logo
छत्तीसगढ़कोरबा, छत्तीसगढ़

₹1 करोड़ लोन का झांसा, ₹10 लाख से अधिक ठगी: आरोपी इंदौर से गिरफ्तार

मंगलवार, 4 अगस्त 20260 व्यूज
₹1 करोड़ लोन का झांसा, ₹10 लाख से अधिक ठगी: आरोपी इंदौर से गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा पुलिस ने यूको बैंक से 1 करोड़ रुपये का लोन दिलाने के नाम पर 10.87 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर लोगों को ठगता था।

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए यूको बैंक से ₹1 करोड़ का लोन दिलाने का झांसा देकर ₹10.87 लाख की ठगी करने वाले एक आरोपी को मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को ठगने के लिए फर्जी लोन स्वीकृति पत्र, बैंक के लोगो और नकली हस्ताक्षर का इस्तेमाल करता था। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन और एसडीओपी चांपा लौकेश बंसल के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, चांपा के शिवनगर निवासी आशुतोष अग्रवाल ने 16 जून 2025 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2022 में उनकी मुलाकात अखबार के माध्यम से कुलदीप वशिष्ठ से हुई थी। आरोपी ने खुद को बैंकिंग क्षेत्र से जुड़ा बताकर यूको बैंक से ₹1 करोड़ का लोन स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाया था।

आरोपी कुलदीप वशिष्ठ ने शिकायतकर्ता को विश्वास में लेने के लिए पहले ₹5 लाख फिक्स डिपॉजिट और ₹5 से ₹6 लाख अन्य खर्चों के नाम पर मांगे। उसने कथित तौर पर यूको बैंक के नाम का फर्जी लोन स्वीकृति पत्र, बैंक का लोगो और फर्जी हस्ताक्षर का उपयोग कर शिकायतकर्ता को गुमराह किया। पीड़ित ने आरोपी को नकद, फोनपे, आरटीजीएस और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन सहित विभिन्न माध्यमों से कुल ₹10,87,285 का भुगतान कर दिया।

शिकायत के बाद, थाना चांपा में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने साइबर तकनीक की मदद से आरोपी का पता लगाया और एक टीम इंदौर भेजी। वहां से आरोपी कुलदीप वशिष्ठ (41 वर्ष) को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर चांपा लाया गया, जहां न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

साझा करें:

टिप्पणियाँ (Comments)

सुरक्षा कारणों से इस लेख पर टिप्पणियाँ वर्तमान में बंद हैं।

Comments are disabled for this article.