गुरुवार, 6 अगस्त 2026
HASDEV NEWS Logo
छत्तीसगढ़कोरबा, छत्तीसगढ़

रायपुर में बर्थडे पार्टी में हंगामा: पुलिस से धक्का-मुक्की, 7 गिरफ्तार

सोमवार, 3 अगस्त 20260 व्यूज
रायपुर में बर्थडे पार्टी में हंगामा: पुलिस से धक्का-मुक्की, 7 गिरफ्तार
राजधानी रायपुर में जन्मदिन की पार्टी के दौरान तेज आवाज में संगीत बजाकर हंगामा करने और पुलिस से धक्का-मुक्की करने के आरोप में चार युवकों और तीन युवतियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज किया है।

रायपुर। राजधानी रायपुर में देर रात एक जन्मदिन की पार्टी हंगामे में तब्दील हो गई, जब तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाकर उत्पात मचाने वाले सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना गांधी नगर कालीबाड़ी क्षेत्र की है, जहां बीती रात करीब 3 बजे एक मकान की छत पर चल रही बर्थडे पार्टी में तेज संगीत से मोहल्लेवासियों को परेशान किया जा रहा था। शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और साउंड सिस्टम बंद कराया।

पुलिस के अनुसार, पहली बार में समझाइश के बाद पार्टी कर रहे लोग शांत हो गए, लेकिन कुछ देर बाद फिर से तेज आवाज में संगीत बजने की शिकायत मिलने पर पुलिस की टीम दोबारा पहुंची। इस बार पार्टी में मौजूद युवक-युवतियां पुलिसकर्मियों से उलझ गए। आरोप है कि उन्होंने न केवल पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया, बल्कि धक्का-मुक्की और झूमाझटकी भी की। इतना ही नहीं, उन्होंने पुलिस टीम को जान से मारने की धमकी दी और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। जिसके बाद थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न गैर-जमानती धाराओं, जैसे 296, 115(2), 351(2), 121, 121(1), 191 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रताप तांडी (33), हरीश तांडी (30), दीपक दास (26), विपुल जोशी (30), हर्षा महानंद (25), दिव्या सोनी (27) और उपासना सोनी (28) को गिरफ्तार कर लिया है। इन सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के कृत्य बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। रात में सार्वजनिक शांति भंग करना, तेज आवाज में संगीत बजाकर हुल्लड़बाजी करना, नशे की हालत में उत्पात मचाना और पुलिस या किसी भी शासकीय कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार या हाथापाई करना गंभीर दंडनीय अपराध है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि ऐसे मामलों में 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जा रही है और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

साझा करें:

टिप्पणियाँ (Comments)

सुरक्षा कारणों से इस लेख पर टिप्पणियाँ वर्तमान में बंद हैं।

Comments are disabled for this article.