सीएम हेल्पलाइन 1076: कोरबा में सुशासन का साकार होता संकल्प

कोरबा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी पहल, सीएम हेल्पलाइन 1076, प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेह प्रशासन की एक सशक्त मिसाल बनकर उभरी है। यह पहल सिर्फ एक शिकायत निवारण तंत्र नहीं, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, प्रभावी और संतोषजनक समाधान का एक भरोसेमंद मंच साबित हो रही है। सीएम हेल्पलाइन ने शासन और आमजन के बीच एक सीधा संवाद स्थापित किया है, जिससे नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित हो रहा है।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के कुशल मार्गदर्शन में, कोरबा जिले ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाई है। जिला स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से सभी विभागों के अधिकारियों को लंबित शिकायतों का समय-सीमा में समाधान करने और शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए जाते हैं। इसी सतत मॉनिटरिंग और जवाबदेह कार्यप्रणाली का परिणाम है कि कोरबा जिले ने जनसेवा के क्षेत्र में एक प्रभावी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
आंकड़े बताते हैं कि कोरबा जिले में अब तक 4,042 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 73.60 प्रतिशत का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है, जो राज्य के औसत 63.84 प्रतिशत से काफी बेहतर है। वहीं, प्राप्त फीडबैक में 61.37 प्रतिशत शिकायतकर्ताओं ने समाधान पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है, जो राज्य के औसत 55.68 प्रतिशत से अधिक है। इन आंकड़ों के पीछे कई ऐसे जमीनी उदाहरण हैं, जिन्होंने लोगों की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान कर उन्हें त्वरित राहत पहुंचाई है।
विकासखंड पाली के ग्राम पोलमी की गौरीबाई, जो राशन कार्ड न होने से शासकीय योजनाओं से वंचित थीं, की शिकायत पर अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए अंत्योदय राशन कार्ड जारी करवाया। इसी तरह, कटघोरा नगर पालिका क्षेत्र में आवारा कुत्तों की समस्या से परेशान श्रीमती वंदना यादव की शिकायत पर नगर पालिका ने तुरंत बंध्याकरण व टीकाकरण अभियान चलाया। मोतीसागरपारा निवासी श्री शांतनु मिश्रा की नाली सफाई की शिकायत पर निगम ने जलभराव की समस्या दूर की, और श्री कन्हैया लाल टेवानी की खराब स्ट्रीट लाइट की समस्या अगले ही दिन ठीक कर दी गई। पंपहाउस क्षेत्र के श्री रामकुमार साहू की विद्युत वोल्टेज की समस्या को भी विद्युत विभाग ने एक घंटे के भीतर हल कर दिया।
ये सभी मामले दर्शाते हैं कि सीएम हेल्पलाइन 1076 केवल एक शिकायत निवारण प्रणाली न होकर, संवेदनशील प्रशासन, प्रभावी मॉनिटरिंग और जवाबदेह शासन की एक सशक्त कार्यप्रणाली का माध्यम बन चुकी है। पंचायत, राजस्व, नगरीय निकाय, बिजली, पेयजल, सड़क, खाद्य, सामाजिक सुरक्षा जैसे विभिन्न विभागों की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान कर नागरिकों को त्वरित राहत प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के नेतृत्व में कोरबा जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि हर शिकायत का न केवल निस्तारण हो, बल्कि ऐसा समाधान हो जिससे शिकायतकर्ता पूर्णतः संतुष्ट हो। सीएम हेल्पलाइन से बढ़ता सकारात्मक फीडबैक इस बात का प्रमाण है कि प्रशासन की जनहितैषी नीतियां धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं और नागरिकों का विश्वास निरंतर मजबूत हो रहा है।
टिप्पणियाँ (Comments)
सुरक्षा कारणों से इस लेख पर टिप्पणियाँ वर्तमान में बंद हैं।
Comments are disabled for this article.

