रोजगार, डिजिटल सेवा और कौशल विकास: सरकार की तीन बड़ी पहलें
रायपुर। छत्तीसगढ़ की जनता को आधुनिक कौशल से जोड़कर रोजगार के अवसर बढ़ाने और शासकीय सेवाओं को सुगम बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने तीन बड़ी पहलों की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की गरिमामयी उपस्थिति में मंत्रालय महानदी भवन में आज रोजगार, डिजिटल गवर्नेंस और कौशल विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मुख्यमंत्री श्री साय ने नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में चयनित युवा उप अभियंताओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए, नागरिकों को सरकारी डिजिटल सेवाओं की पहुंच को और विस्तृत करने के लिए छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी (चिप्स) और कॉमन सर्विस सेंटर के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए, तथा नवा रायपुर में प्रस्तावित नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना के लिए 10 एकड़ भूमि आवंटन का पत्र सौंपा गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता युवाओं को समुचित रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, नागरिकों को सरलता एवं पारदर्शिता के साथ शासकीय सेवाएं प्रदान करना और नई पीढ़ी को भविष्य की वैश्विक आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक कौशल से लैस करना है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए रोजगार सृजन, कौशल विकास, डिजिटल गवर्नेंस और आधुनिक अधोसंरचना का विकास एक-दूसरे का पूरक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का असली उद्देश्य तभी सिद्ध होता है, जब वे अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और सुगमता से पहुंचें। तकनीक के माध्यम से शासन और नागरिकों के बीच की दूरी को कम किया जा रहा है, जिससे न केवल सरकारी सेवाएं सुलभ होंगी, बल्कि युवाओं को उद्योग, निजी क्षेत्र, उद्यमिता और कौशल-आधारित रोजगार के लिए भी तैयार किया जाएगा।
नवा रायपुर के निर्माण में युवा अभियंताओं की होगी अहम भूमिका
मुख्यमंत्री श्री साय ने नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में उप अभियंता के पद पर चयनित युवा अभियंताओं को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने नवनियुक्त अभियंताओं के अभिभावकों को भी बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर भविष्य के छत्तीसगढ़ का आइना है, जहां आधुनिक अधोसंरचना और सुनियोजित विकास को निरंतर गति दी जा रही है। इन युवा अभियंताओं को इस आधुनिक शहर के विकास में योगदान देने का गौरवपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने नवनियुक्त अभियंताओं से अपने ज्ञान और तकनीकी दक्षता का उपयोग जनहित में, पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ करने का आह्वान किया। साथ ही, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।
डिजिटल गवर्नेंस को मिलेगी नई गति, नागरिकों को मिलेगी सुविधा
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी (चिप्स) और कॉमन सर्विस सेंटर के बीच हुए एमओयू के तहत, सेवा सेतु पोर्टल पर उपलब्ध नागरिक-केंद्रित सेवाओं को कॉमन सर्विस सेंटर के डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। इससे नागरिकों को अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर भटकना नहीं पड़ेगा और अधिक सेवाएं उनके नजदीकी केंद्रों पर आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। वर्तमान में सेवा सेतु के माध्यम से 38 विभागों की 907 सेवाएं 16,619 केंद्रों के जरिए ऑनलाइन प्रदान की जा रही हैं, और 54 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 90% से अधिक का निराकरण हो चुका है। इस एमओयू से विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को अपने नजदीक ही अधिक शासकीय सेवाओं का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की सेवाओं के साथ केंद्र सरकार की 166 सेवाओं को भी सेवा सेतु से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है, जिससे एक हजार से अधिक सेवाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जा सकेगा।
आधुनिक कौशल विकास का हब बनेगा नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट
कार्यक्रम के दौरान, नवा रायपुर में लगभग 250 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के लिए 10 एकड़ भूमि आवंटन का पत्र भी सौंपा गया। इस संस्थान में प्रतिवर्ष लगभग 4 हजार युवाओं को विभिन्न 20 ट्रेडों में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रमों को उद्योगों और रोजगार बाजार की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जाएगा, ताकि युवा रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसरों का भी लाभ उठा सकें। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह संस्थान छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए आधुनिक कौशल और रोजगार के अवसरों का एक महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा, जो उन्हें भविष्य के रोजगार के लिए बेहतर ढंग से तैयार करेगा। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, नवा रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चंदन कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और नवनियुक्त अभियंता उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ (Comments)
सुरक्षा कारणों से इस लेख पर टिप्पणियाँ वर्तमान में बंद हैं।
Comments are disabled for this article.
