छग में दो भीषण सड़क हादसे, 5 की मौत, 2 घायल
रायपुर: छत्तीसगढ़ में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बीते दो दिनों में प्रदेश के दो अलग-अलग जिलों में हुए भीषण सड़क हादसों में कुल पांच लोगों की जान चली गई, वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इन हादसों ने प्रदेश की सड़कों पर रफ्तार का कहर और लापरवाही को उजागर किया है।
पहला मामला राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे सामने आया। नेशनल हाईवे पर टेडेसरा बस्ती के पास एक कार अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई। कार में सवार पांच युवक भिलाई से राजनांदगांव की ओर खाना खाने जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में दुर्ग निवासी सरकारी ठेकेदार अभिषेक सिंह ठाकुर और तोषण तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल प्रशांत दास ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूरज पांडे और चिंटू घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे का कारण मान रही है, जबकि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। मृतक अभिषेक सिंह ठाकुर ने तीन अक्टूबर को ही अपना जन्मदिन परिवार के साथ मनाया था।
वहीं, दूसरा हादसा बालोद जिले में रविवार शाम करीब 7 बजे सनौद थाना क्षेत्र के अरमरीकला में हुआ। मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से एक बाइक की सीधी टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार पिता डागेश्वर साहू (34) और उनके 12 वर्षीय बेटे वेद प्रकाश की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, डागेश्वर अपने दो बेटों वेद प्रकाश और 8 वर्षीय अनुराग के साथ ग्राम मोहारा में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर शाम घर लौटते समय अरमरीकला के पास सड़क पर अंधेरे में खड़े ट्रक को वे देख नहीं पाए और सीधे उससे जा भिड़े। वहीं, 8 वर्षीय अनुराग गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज किया जा रहा है।
सनौद पुलिस ने दोनों मृतकों के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दोनों ही घटनाओं को लेकर जांच शुरू कर दी है और सड़क पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश जारी किए हैं। इन हादसों ने एक बार फिर प्रदेश में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर नकेल कसने की जरूरत को रेखांकित किया है।
टिप्पणियाँ (Comments)
सुरक्षा कारणों से इस लेख पर टिप्पणियाँ वर्तमान में बंद हैं।
Comments are disabled for this article.
