मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन: मंत्री राजवाड़े ने ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
रायपुर: मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत आज रायपुर रेलवे स्टेशन से यात्रियों से भरी एक विशेष भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन को मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को महाराष्ट्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कराएगी।
यह यात्रा 28 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। इस दौरान श्रद्धालु महाराष्ट्र के शिर्डी में साईं बाबा के दर्शन करेंगे, साथ ही शनि शिंगणापुर में शनिदेव और त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के भी दर्शन का लाभ उठाएंगे। ट्रेन के प्रस्थान से पहले रायपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों में खासा उत्साह देखा गया।
मंत्री राजवाड़े ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना उन वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक अमूल्य अवसर है, जो वर्षों से मन में तीर्थयात्रा की अभिलाषा रखते हैं, परन्तु किन्हीं कारणोंवश यात्रा नहीं कर पाते। उन्होंने इस योजना को आस्था और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करने वाला बताया। राज्य सरकार का प्रयास है कि सभी पात्र हितग्राही आवश्यक सुविधाओं के साथ, एक सहज और सुरक्षित वातावरण में तीर्थस्थलों की यात्रा पूरी कर सकें।
समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस योजना के माध्यम से प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा का सुअवसर प्रदान किया जाता है। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपना ध्यान रखने और इस अनुभव का भरपूर आनंद लेने की अपील की। ट्रेन को रवाना करते समय समाज कल्याण विभाग और रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे।
टिप्पणियाँ (Comments)
सुरक्षा कारणों से इस लेख पर टिप्पणियाँ वर्तमान में बंद हैं।
Comments are disabled for this article.
