मंत्री वर्मा: अटूट परिश्रम से रचा जाता है इतिहास
रायपुर: 'राष्ट्र निर्माण' के लिए अटूट परिश्रम और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है। यह बात राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने एक विशेष माहव्यापी अभियान के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कही। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और बच्चों में राष्ट्र निर्माण की भावना को जागृत करना रहा। मंत्री वर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज की मेहनत ही आने वाले कल के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेगी।
मंत्री वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन को एक खुली पाठशाला बताते हुए कहा कि उनके जीवन दर्शन से सीख लेकर हर वर्ग आगे बढ़ सकता है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को देश का अग्रणी और विकसित राज्य बनाने की दिशा में राज्य सरकार हर स्तर पर प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
अभियान के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों की प्रतिभा देखते ही बनी। रंगोली प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग (कक्षा 1ली से 8वीं) में निधि यादव प्रथम, पुष्पांजलि कन्नौजे द्वितीय तथा गरिमा सोनकर तृतीय रहीं। वरिष्ठ वर्ग (कक्षा 9वीं से 12वीं) में रेखा ने बाजी मारी, वहीं दीपाक्षी पटेल द्वितीय और नंदिनी तृतीय स्थान पर रहीं।
भाषण प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग से सौम्या वर्मा, देविका वर्मा और प्रियांशु साहू ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग में लाभा वर्मा प्रथम, रागिनी वास द्वितीय और गीतिका गोस्वामी तृतीय रहीं। चित्रकला के कनिष्ठ वर्ग में हिमांशी साहू प्रथम, कुसुम कोशले द्वितीय और विद्या साहू तृतीय रहीं, जबकि वरिष्ठ वर्ग में तन्वी मलाकी ने पहला, सृष्टि सोनी ने दूसरा और साक्षी पूरेना ने तीसरा स्थान हासिल किया।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में राज्यसभा सांसद मती लक्ष्मी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य उपाध्यक्ष, जिला पंचायत उपाध्यक्ष, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ (Comments)
सुरक्षा कारणों से इस लेख पर टिप्पणियाँ वर्तमान में बंद हैं।
Comments are disabled for this article.
