जांजगीर-चांपा: जुआ खेलते 11 गिरफ्तार, 22 हजार नकद व 5 बाइक जब्त

जांजगीर-चांपा जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है। इसी क्रम में, पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुटरा में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने जुआ खेल रहे 11 लोगों को रंगेहाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत, 1 अक्टूबर 2026 की देर शाम पामगढ़ पुलिस, साइबर थाना और रिस्पांस टीम ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मौके पर पहुँचकर पुलिस ने जुआ फड़ का पर्दाफाश करते हुए 11 आरोपियों को पकड़ा।
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने कुल ₹22,300 नगद, 52 पत्ती ताश और 5 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए सभी आरोपी अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले हैं। सभी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं: भूपेन्द्र कश्यप, मनमोहन, बेनीराम निषाद, अमन बर्मन, मुकेश कुमार कश्यप, आशीष कुमार कश्यप, आर्यन सिंह राठौर, आलोक राठौर, राजन कुमार लहरे, सोहित कुमार कश्यप और दिनेश कश्यप। इस कार्रवाई में पामगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा, कंट्रोल रूम प्रभारी सुशील पटेल सहित पुलिस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
टिप्पणियाँ (Comments)
सुरक्षा कारणों से इस लेख पर टिप्पणियाँ वर्तमान में बंद हैं।
Comments are disabled for this article.
