मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026
HASDEV NEWS Logo
छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़

चुनाव आयोग के अधिकारी के घर पर प्रदर्शन, कांग्रेसियों पर FIR, 6 गिरफ्तार

गुरुवार, 1 अक्टूबर 20262 व्यूज
चुनाव आयोग के अधिकारी के घर पर प्रदर्शन, कांग्रेसियों पर FIR, 6 गिरफ्तार
आगरा में चुनाव प्रक्रिया के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पर आपत्तिजनक संदेश लिखने का आरोप है। पुलिस ने 20 कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज कर छह को गिरफ्तार किया है।

आगरा: विशेष गहन समीक्षा (Special Intensive Revision - SIR) प्रक्रिया के विरोध में सड़क पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन अब भारी पड़ गया है। प्रदर्शनकारियों पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पर आपत्तिजनक नारेबाज़ी करने और मुख्य द्वार पर काले स्प्रे से संदेश लिखने का आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने 20 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ़ FIR दर्ज कर छह को गिरफ़्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ता चुनाव आयोग द्वारा चल रही SIR प्रक्रिया के विरोध में एकजुट हुए थे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने न केवल हंगामा किया, बल्कि सी.ई.सी. ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास के मुख्य द्वार और दीवार पर काले स्प्रे से आपत्तिजनक बातें लिखीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने अनिल यादव, मुकेश धनगर, मनोज गौड़, राजेश कुमार, राजा गौतम और पंकज चौधरी नामक छह कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार किया है। इन सभी को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

यह FIR आगरा के हरिपर्वत थाने में सब-इंस्पेक्टर गौरव गुप्ता की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है। रिपोर्ट में आठ लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 20 से अधिक अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की बात सामने आ रही है। पुलिस अब आगे की जांच में जुटी है।

वहीं, कांग्रेस ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। पार्टी नेताओं ने प्रदर्शन से जुड़े मामले में लगाई गई धाराओं को लेकर आपत्ति जताई है। कांग्रेस का कहना है कि एक साधारण प्रदर्शन के मामले में इतनी गंभीर धाराओं का इस्तेमाल अनुचित है। पार्टी की ओर से इन धाराओं को हटाने की मांग को लेकर पुलिस अधिकारियों से मुलाकात करने की बात भी कही गई है। यह पूरा मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता नज़र आ रहा है, जहां एक ओर पुलिस कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है, वहीं कांग्रेस अपनी आपत्ति दर्ज करा रही है।

साझा करें:

टिप्पणियाँ (Comments)

सुरक्षा कारणों से इस लेख पर टिप्पणियाँ वर्तमान में बंद हैं।

Comments are disabled for this article.